बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने की व्यवसायी की गोली मार हत्या, सरेआम घटना से इलाके में दहशत का माहौल
- by Manjesh Kumar
- 03-Oct-2026
- Views
बेगूसराय: बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक वॉशिंग सेंटर संचालक को अंधाधुंध गोलियों से भून डाला। सनसनीखेज वारदात फुलवरिया थाना क्षेत्र में कार्बन फैक्ट्री चौक के समीप की है। अचानक हुई गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा और लहूलुहान होकर गिरे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शाम ढलते ही हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है। मृतक की पहचान फुलवरिया- तीन के रहने वाले रामकुमार राम के 28 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है, गणेश कार्बन फैक्ट्री के समीप वॉशिंग सेंटर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में मृतक के सहकर्मी प्रकाश कुमार शर्मा ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद वे लोग दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। गणेश पास के ही महारानी पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल लेकर लौटा था और कुछ देर रुकने के बाद अपने घर की ओर निकल गया। इसी बीच साथ में मौजूद दोस्तों की बाइक अचानक स्टार्ट नहीं हो सकी।
प्रकाश और उनके एक अन्य साथी अजय कुमार जब अपनी बाइक ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। तब तक गणेश उनसे करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। जैसे ही गणेश कार्बन फैक्ट्री चौक के पास पहुंचा, घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। स्थानीय चाय दुकानदार के जरिए दोस्तों को फोन पर खबर मिली कि गणेश को गोली मार दी गई है। गणेश को करीब से तीन गोलियां छाती और पेट में मारी गई थी, वह सड़क पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
घटना के समय इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। गश्ती दल में शामिल पुलिस सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस टीम तीन मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल गणेश को उठाकर तुरंत लाइफलाइन अस्पताल पहुंचाया। हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया, सदर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हत्या के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और दहशत व्याप्त है। हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
बेगूसराय से प्रशांत कुमार की रिपोर्ट


Post a comment