खबर का असर: महानंदा नदी कटाव स्थल का अनुमंडल राजस्व अधिकारी ने किया निरीक्षण

कटिहार: कटिहार के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली महानंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों में कटाव का खतरा बढ़ता जा रहा है। रिंग बांध से लगभग 300 मीटर दूरी पर कराए गए कटावरोधी कार्य में लापरवाही और जियो बैग एंटी इरोजन संरचना के क्षतिग्रस्त होने की खबर दिखाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया। बारसोई एसडीओ राजू कुमार के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल राजस्व अधिकारी विकास कुमार ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आजमनगर अंचल अधिकारी मोहम्मद रिजवान आलम भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल राजस्व अधिकारी ने महानंदा बेसिन विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल कुमार के साथ क्षतिग्रस्त स्थल का जायजा लिया तथा कटाव की स्थिति और कराए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबर के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि महानंदा नदी में जलस्तर के लगातार उतार-चढ़ाव के कारण रिंग बांध के डाउन स्ट्रीम हिस्से में लगभग 15 मीटर लंबाई तक जियो बैग संरचना क्षतिग्रस्त हो गई है। इसी वर्ष लगभग 57 लाख रुपये की लागत से यहां कटावरोधी एंटी इरोजन कार्य कराया गया था। पहली ही मानसून में संरचना के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्य में मानकों की अनदेखी और लापरवाही की जांच की मांग की है। हालांकि कटाव की गंभीरता को देखते हुए महानंदा बेसिन विभाग ने तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित स्थल पर एनसी बैग डालकर कटाव रोकने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य राकेश कुमार पोद्दार, समाजसेवी कुंवर ठाकुर, सुबोध यादव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment