कटिहार में परिवार ने जिंदा बेटी का किया दाह संस्कार, कहा 'वह हमारे लिए मर चुकी...'
- by Manjesh Kumar
- 30-May-2026
- Views
कटिहार: सोशल मीडिया के इस दौर में अब प्रेम प्रसंग आम बात हो गई है। लगभग हर दिन कहीं न कहीं से प्रेम प्रसंग, प्रेम विवाह और युवक युवती के भागने की खबरें सामने आते रहती है लेकिन कटिहार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कटिहार में एक परिवार ने धूमधाम से अपनी जिंदा बेटी की अर्थी यात्रा निकाली और विधि विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार भी किया। मामला कटिहार के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के चंदवा पंचायत के खुदना गांव का है। अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
मामले में लोगों ने बताया कि गांव की एक युवती कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी जिसके बाद परिवार के लोगों ने रौतरा थाना में गुमसुदगी का मामला दर्ज कराया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर लिया था जिसके बाद युवती ने अपने माता पिता को पहचानने से ही इनकार कर दिया। बेटी के इस कदम से परिजनों को गहरा आघात लगा और फिर सबने मिल कर उसे मृत घोषित करने का निर्णय लिया और अब उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया है।
परिवार के लोगों ने कहा कि बेटी ने समाज और ग्रामीणों की मौजूदगी में हमें पहचानने से इनकार कर दिया था, और उसी वक्त से हमलोगों ने उसे मृत मान लिया था और अब उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। लड़की के पिता और दादा ने कहा कि जिस दिन से बेटी घर छोड़कर गई और बाद में हमें पहचानने से इनकार कर दी, उसी दिन से हमारे लिए वह मर चुकी है। अब उससे हमारा कोई संबंध नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। श्राद्ध कार्यक्रम और अंतिम संस्कार में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


Post a comment