4 दिनों की हड़ताल के बाद अब काम पर वापस लौटेंगे सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मी, अधिकारियों के साथ बैठक में बनी बात

सहरसा: सहरसा नगर निगम क्षेत्र में पिछले चार दिनों से हड़ताल कर रहे सफाईकर्मी अब अपने काम पर वापस लौटेंगे। नगर निगम के अधिकारियों और सफाईकर्मियों की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है जिसके बाद अब शहरी क्षेत्रों में फैले कचरे के ढेर हटाए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मी संगठन के बीच घंटों चली वार्ता के बाद वेतन वृद्धि समेत कई मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गई।

संगठन के अध्यक्ष कुशाग्र कुमार ने बताया कि सम्मानजनक समझौते के बाद सभी सफाईकर्मी पूर्ववत अपने कार्य पर लौट रहे हैं। समझौते के तहत सफाई कर्मियों के दैनिक मानदेय में 15 प्रतिशत वृद्धि करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा बकाया ईपीएफ राशि का भुगतान चार महीने के भीतर करने, ईएसआईसी का नियमित लाभ देने और हर महीने 4 से 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है। नगर निगम ने वर्षों से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने की मांग विभाग को भेजने की बात कही है।

वहीं करीब 40 से 45 सफाई कर्मियों के बकाया वेतन का भुगतान इसी महीने करने का भरोसा दिया गया। वार्ता में नगर निगम आयुक्त प्रभात कुमार झा, महापौर बैन प्रिया, उप महापौर उमर हयात गुड्डू सहित सफाई कर्मी संगठन के कई प्रतिनिधि मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment