खान सर ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका, दोनों बॉडीगार्ड मामले में सुनवाई के दौरान फैसला सुरक्षित

पटना: राजधानी पटना में प्रसिद्ध शिक्षक खान सर के कोचिंग पर हमला मामले में एक तरफ जहां खान सर के दो बॉडीगार्ड और ज्ञानबिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तो दूसरी तरफ खान सर पर भी गिरफ्तारी का तलवार लटका हुआ है। गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है जिस पर मंगलवार को सुनवाई होगी। वहीं दोनों बॉडीगार्ड के जमानत पर सोमवार को सुनवाई हुई जिसके बाद जज ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

खान सर के दोनों बॉडीगार्ड की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान रौशन आनंद ने जमानत का विरोध किया। रौशन आनंद के वकील ने कहा कि फायरिंग इरादातन की गई है इसलिए अभी जमानत नहीं मिलनी चाहिए। वहीं दूसरी तरफ खान सर पर FIR होने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही है लेकिन अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। हालांकि शनिवार को खान सर के द्वारा सरेंडर करने की बात सामने आई थी लेकिन उनके वकील ने इस बात से इनकार कर दिया। वकील का दावा है कि खान सर को साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका पक्ष अदालत के समक्ष रखा जाएगा।

फायरिंग मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड फायरिंग की थी। गार्डों के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिकी में फैजल खान का नाम भी जोड़ दिया। इसी के बाद से उनकी गिरफ्तारी की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इधर, प्रशासनिक स्तर पर भी खान ग्लोबल स्टडीज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक दिन पहले संस्थान और उससे जुड़े अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया था।

  

Related Articles

Post a comment