आनंद मोहन के बयान पर मंत्री लेशी सिंह ने किया करारा पलटवार, कहा 'ऐसा कोई नहीं जो हमारे नेता को कर सके...'
- by Manjesh Kumar
- 18-May-2026
- Views
पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से लगातार राजनीति तेज है। पक्ष और विपक्ष लगातार एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहा है। इसी बीच सत्ता पक्ष में भी राजनीतिक मतभेद देखने को मिल रहा है। अभी हाल ही में पार्टी के पूर्व सांसद और नेता आनंद मोहन ने जदयू पर कई गंभीर आरोप लगाए। आनंद मोहन के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री लेशी सिंह ने जबरदस्त पलटवार किया और कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार का नेतृत्व हमेशा सक्षम रहा है। मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि और हमलोग स्पष्ट करते हैं कि नीतीश कुमार का नेतृत्व सक्षम है और उनके नेतृत्व पर हम सब लोग मानते हैं और उस पर चलते हैं। बिहार क्या देश भर में किसी की ताकत नहीं है कि हमारे नेता को जिंदा दफन कर सके।
मंत्री लेशी सिंह ने पूर्व सांसद आनंद मोहन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आपने जो कहा है उसके अनुसार आप अपनी पार्टी और नेतृत्व पर ही सवाल उठा रहे हैं। मेरी निजी राय है कि दुनिया में किसी की ताकत नहीं है कि मेरे नेता को जिंदा दफन कर सके। उनके नेतृत्व में हमारी पार्टी के एक एक नेता और कार्यकर्ता आगे चल रहे हैं। हम कहना चाहते हैं कि जो लोग जिंदा दफन करने का बात कर रहे हैं वह समझ लें कि नीतीश कुमार बिहार के एक एक लोगो के दिल में बसते हैं। पार्टी में हर निर्णय उनके ही अनुसार होता है। नीतीश कुमार की तरफ अगर कोई आंख दिखाएगा तो बिहार और देश की महिलाएं उनके साथ खड़ी हैं। इस तरह का बयान हमारे नेतृत्व पर सवाल है इसलिए इस तरह के बयान नहीं देनी चाहिए।
मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि आपने कहा कि थैली लेकर मंत्री विधायक बनाया जाता है तो हम बता देते हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ऐसा संभव ही नहीं है। कहां किस नेता की उपयोगिता है, सरकार में या पार्टी में यह निर्णय नीतीश कुमार ही लेते हैं। इस तरह का जो बयान है वह निश्चित रूप से गलत है। मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि आनंद मोहन के बयान जिसमें उन्होंने कहा कि वशिष्ठ बाबू के बेटा को टिकट नहीं दिया गया तो बता दें कि वशिष्ठ बाबू हमारी पार्टी के नेता हैं। वशिष्ठ बाबू कुछ कहें और नीतीश कुमार उनकी बात नहीं मानें, यह संभव ही नहीं है। इस तरह का बयान जब वशिष्ठ बाबू देंगे तब ही मानेंगे।
बता दें कि पिछले दिनों सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू सांसद लवली आनंद के पति और जदयू विधायक चेतन आनंद के पिता आनंद मोहन ने कहा था कि जदयू के कुछ नेता हैं जिन्होने नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया है। उन्होंने जदयू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में अब विचारधारा की जगह पैसे की चलती है और बड़ी 'थैली' (मोटा पैसा) देने वाले को ही मंत्री पद मिलता है। आनंद मोहन के इस बयान को लेकर कहा जा रहा है कि वह अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री बनाना चाह रहे थे लेकिन सम्राट कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से नाराज हैं।


Post a comment