मदरसा शिक्षक नियुक्ति विवाद में मारपीट मामले में दो FIR, 25 नामजद
- by Manjesh Kumar
- 14-Jun-2026
- Views
कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र के सिमराहा गांव स्थित सरकारी मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमीन में शिक्षक नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। शिक्षक बहाली प्रक्रिया के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में बरारी थाना में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर अलग-अलग कांड दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 13 जून को मदरसा में शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान एक पक्ष ने नियुक्ति प्रक्रिया में पक्षपात और एकतरफा चयन का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार शिक्षक की नियुक्ति पहले ही हो चुकी थी। नियुक्त शिक्षक मुशर्रफ जब मदरसा में पढ़ाने पहुंचे तो गांव के मो मतीन द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद विवाद और बढ़ गया तथा दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी भेजा गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दे दिया।
पुलिस के अनुसार बरारी थाना एक पक्ष की ओर से 12 लोगों को नामजद किया गया है जबकि दूसरे पक्ष की ओर से 13 लोगों को नामजद किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार शिक्षक नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था। नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान विवाद खुलकर सामने आ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बरारी थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी उठ चुके हैं बहाली प्रक्रिया पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि मदरसा में शिक्षक नियुक्ति को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए गए हैं। हालांकि इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
गांव में बनी हुई है तनावपूर्ण शांति
मारपीट की घटना के बाद सिमराहा गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।


Post a comment