महानंदा नदी के रिंग बांध के समीप कटाव से ग्रामीणों में दहशत, विभाग ने शुरू किया मरम्मत...
- by Manjesh Kumar
- 23-Jun-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र में बहने वाली महानंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों में कटाव का खतरा गहरा गया है। मंगलवार को नदी के बढ़ते दबाव के कारण रिंग बांध के डाउन स्ट्रीम हिस्से में लगभग 12 मीटर लंबाई तक जियो बैग शॉप क्षतिग्रस्त हो गया है। कटाव की स्थिति को देखते हुए महानंदा बेसिन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभावित स्थल पर फ्लड फाइटिंग कार्य के तहत एनसी बैग डालकर कटाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है वही जेडीयू के आजमनगर प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिन्हा तथा स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से महानंदा नदी का जलस्तर कभी बढ़ तो कभी घट रहा है, जिससे नदी किनारे की मिट्टी कमजोर हो गई है।
जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण कई स्थानों पर कटाव की समस्या उभरकर सामने आई है। रिंग बांध के समीप हुए कटाव को लेकर आसपास के गांवों के लोगों में चिंता का माहौल है, क्योंकि यदि समय रहते मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ तो कटाव और अधिक बढ़ सकता है। वही महानंदा विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की निगरानी लगातार की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त एनसी बैग और अन्य सुरक्षात्मक सामग्री का उपयोग किया जाएगा। मौके पर कार्यरत कर्मियों द्वारा दिन-रात मरम्मत कार्य जारी है ताकि नदी के बहाव से बांध को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
इधर, प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विभाग का दावा है कि समय पर किए जा रहे फ्लड फाइटिंग कार्य से कटाव पर नियंत्रण पा लिया जाएगा तथा आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से कटावरोधी कार्यों को और तेज करने की मांग की है ताकि संभावित खतरे से बचा जा सके।


Post a comment