अररिया में बड़ा सड़क हादसा, नदी में गिरी स्कॉर्पियो, तिलक से लौट रहे 6 लोगों की मौत
- by Manjesh Kumar
- 19-Nov-2026
- Views
अररिया: बड़ी खबर अररिया है जहां तिलक सगुण से लौट रहे लोगों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो कर सड़क से करीब 50 फीट नीचे नदी में गिर गई। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है जिसे पटना रेफर किया गया है। घटना अररिया के बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप की है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी सात लोगों को नहर से बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के शिकार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के निवासी बताए गए हैं। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड की ढेडुआ पंचायत अंतर्गत भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से अपने घर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के समीप तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे पुल से नीचे गहरे पानी वाली नहर में जा गिरी। देखते ही देखते खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे सभी सात लोगों को नहर से बाहर निकाला। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव निवासी यश कुमार, सौरभ कुमार, आदित्य कुमार, मुन्ना कुमार, आर्यन और स्कॉर्पियो चालक कुंदन साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छहों मृतकों की उम्र 15 से 22 वर्ष के बीच थी। हादसे में अंकुश घायल हुआ है। घटना के बाद थुमहा और भपटिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस समारोह में कुछ घंटे पहले तक खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के समीप अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सातों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह की मौत हो गई। एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।


Post a comment