दियारा का मोस्ट वांटेड टॉप 10 में शामिल कुख्यात एसटीएफ के शिकंजे में, लंबे समय से थी तलाश

कटिहार: कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल अखिलेश यादव को एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी बकिया सुखाय दियारा क्षेत्र से की गई, जहां वह लंबे समय से ठिकाना बदल-बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी गंगा दियारा क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात पिंटू यादव गिरोह का अहम सदस्य है। उस पर रंगदारी, फायरिंग और आपराधिक वर्चस्व कायम करने जैसे गंभीर आरोप हैं। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2025 में बकिया सुखाय दियारा में वर्चस्व को लेकर हुई हिंसक घटना के बाद अखिलेश यादव का नाम प्रमुख रूप से सामने आया था। आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया था। साथ ही स्थानीय लोगों से रंगदारी मांगने और आपराधिक दबदबा कायम करने का भी आरोप उस पर है। इस मामले में बरारी थाना कांड संख्या 363/2025 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि अखिलेश यादव दियारा क्षेत्र में सक्रिय है और अपने गिरोह के सदस्यों के संपर्क में है। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। घंटों तक चली घेराबंदी और छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान वह पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी केवल एक अपराधी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि दियारा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है। गंगा दियारा में लंबे समय से विभिन्न गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चलती रही है। एक समय मोहन गिरोह और पिंटू यादव गिरोह के नाम से पूरा इलाका दहशत में रहता था। दोनों गिरोहों के बीच संघर्ष और गैंगवार की घटनाओं ने कई बार क्षेत्र की शांति भंग की थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान अखिलेश यादव किन लोगों के संपर्क में था और उसके गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में मदद मिलेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दियारा क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों के कारण किसान और आम लोग वर्षों से भय के साए में जी रहे थे। अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से लोगों में राहत का माहौल है और पुलिस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संगठित अपराधिक गिरोह पर नकेल कसने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अखिलेश यादव को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment