नगर निगम की बैठक में नहीं आए 19 पार्षद, आधा घंटा देर से शुरू हुई और...
- by Manjesh Kumar
- 24-Jun-2026
- Views
भागलपुर: बुधवार को भागलपुर नगर की सामान्य बोर्ड की बैठक की गई। मेयर डॉ वसुंधरा लाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विकासात्मक योजनाओं पर चर्चा के लिए की गई थी लेकिन 19 पार्षद अनुपस्थित रहे। 51 पार्षदों वाले नगर निगम की बैठक में महज 32 पार्षद ही उपस्थित हुए। पार्षदों की अनुपस्थिति की वजह से बैठक तय समय 11:30 बजे से आधा घंटा देरी से शुरू हुई। बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, कंबल वितरण और अन्य विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जलापूर्ति योजना का मुद्दा सबसे अधिक गरमाया। मेयर और नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने बुडको अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कई पार्षदों ने अधिकारियों के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। जब बुडको अधिकारियों ने वेंडर द्वारा काम नहीं किए जाने की बात कही तो नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो वेंडर काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में पार्षदों ने ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों के बीच वितरित किए जाने वाले कंबलों की संख्या बढ़ाने की मांग की। अब प्रत्येक वार्ड में 100 की जगह 300 कंबल उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। साथ ही यह भी तय किया गया कि कंबलों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में जुलाई माह से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा और अगले तीन सप्ताह के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बरारी श्मशान घाट में बन रहे नए शवदाह गृह को एक महीने के भीतर चालू करने का निर्देश भी दिया गया।


Post a comment