21 जून को दुबारा होगी NEET की परीक्षा, शिक्षा मंत्री ने कहा सरकार है संवेदनशील, अगले वर्ष से...

नई दिल्ली: बीते 3 मई को देश भर में आयोजित नीट यूजी की परीक्षा पेपर लीक की वजह से रद्द कर दी गई थी और अब NTA ने परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी है। नीट यूजी की परीक्षा अब आगामी 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा की नई तारीख की घोषणा NTA ने कर दी है। 21 जून को आयोजित दुबारा परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड एक बार फिर से जारी किया जाएगा। नीट री एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दुबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और न ही उनसे कोई फीस ली जाएगी। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड 14 जून से NTA के वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।

नीट परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी एक प्रेस वार्ता किया और उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश के बावजूद इस बार कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित नहीं कराई जा सकी। अब एक बार फिर 21 जून को यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। साथ ही मैं सभी अभ्यर्थियों से कहना चाहता हूं कि पेपर लीक की वजह से हमें कठोर निर्णय लेकर परीक्षा रद्द करना पड़ा है। हमारी पूरी कोशिश है कि इस कुकृत्य में शामिल लोगों को कठोर सजा दी जाए। इस तरह की घटनाओं से सरकार भी चिंतित है। हम परीक्षाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेंगे। सीबीआई पूरे मामले की जांच कर रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।


शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम छात्रों को परीक्षा देने के लिए अपने पसंद की शहर चुनने का अवसर देंगे। अभ्यर्थी अपना ऑप्शन वेबसाइट पर चयन कर सकेंगे। इसके साथ ही परीक्षार्थियों को 15 मिनट का एक्स्ट्रा समय दिया जाएगा। इस बार नीट की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को आवागमन में कम बोझ पड़े, इसकी हम कोशिश करेंगे। इसके साथ ही जून के महीने में खराब मौसम को लेकर भी हमलोग प्लान कर रहे हैं और कुछ उपाय करेंगे। मैं सभी वर्गों से अपील करना चाहता हूं कि आपके आसपास जो माफिया घूम रहे हैं उनकी जानकारी प्रशासन को अवश्य दें ताकि छात्रों को सुनहरे अवसर खोना नहीं पड़े। हमें छात्रों के भविष्य के लिए सोचना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से नीट की परीक्षा कंप्यूटर आधारित ली जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment