घर में रह कर की पढ़ाई और अब नेहा बन गई राजस्व अधिकारी, इलाके में खुशी का माहौल

कटिहार: कटिहार के समेली प्रखंड के मल्हरिया पंचायत अंतर्गत खोटा गांव की बेटी नेहा वर्धन ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी बनकर पूरे प्रखंड का नाम रौशन किया है। नेहा किसान विपिन कुमार यादव एवं अनुपम देवी की पुत्री हैं। अपनी इस उपलब्धि से उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। नेहा वर्धन ने अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने गांव खोटा स्थित घर पर रहकर ही पूरी ईमानदारी, लगन और कड़ी मेहनत के साथ बीपीएससी की तैयारी की। इस दौरान उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वह आज इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

नेहा ने अपने क्षेत्र के छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यदि घर पर रहकर भी पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ तैयारी की जाए, तो सफलता अवश्य मिल सकती है। उन्होंने बताया कि उनके दादा स्वर्गीय नीर नारायण यादव, जो पेशकार थे, उनके सबसे बड़े प्रेरणास्रोत रहे। दादा से प्रेरणा लेकर ही उन्होंने घर से बीपीएससी की तैयारी शुरू की। नेहा ने बताया कि जब उनके दादा जी की पदोन्नति को लेकर पूरे बिहार में पेन डाउन आंदोलन हुआ था, उसी घटना ने उनके भीतर अधिकारी बनने की प्रेरणा जगाई।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा की प्रेरणा और परिवार के सहयोग को दिया। नेहा की इस उपलब्धि के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। उनकी सफलता पर उनके शिक्षक बुद्धदेव मंडल, मुकेश पासवान और राजेश कुमार सहित बरारी नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद अमन कुमार ने उनके आवास पहुंचकर मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं, उनके साथ तैयारी करने वाली साथी श्वेता कुमारी, कोमल कुमारी, रानी कुमारी और मनू कुमारी ने भी नेहा को बधाई देते हुए उनकी सफलता पर खुशी जताई। 


नेहा के छोटे भाई राज वर्धन और अंजली वर्धन ने भी अपनी बड़ी बहन की सफलता को अपने जीवन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर उप मुख्य पार्षद अमन कुमार ने नेहा की सफलता को संविधान के महत्व से जोड़ते हुए कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान ने महिलाओं को शिक्षा और आगे बढ़ने का अधिकार दिया है। यही कारण है कि आज दूर-दराज के गांवों की बेटियां भी बड़े-बड़े पदों पर पहुंच रही हैं और अधिकारी बनकर समाज में नई मिसाल पेश कर रही हैं।

  

Related Articles

Post a comment