धनकुबेर सरकारी अधिकारी दंपत्ति के ठिकानों से निगरानी ने बरामद किए 70 लाख नकद और करोड़ों की घड़ियां, जेवर और निवेश के कागजात भी मिले
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
पटना: बिहार में इन दिनों निगरानी विभाग लगातार भ्रष्ट सरकारी कर्मियों पर गाज गिरा रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। निगरानी ने दोनों के पटना और बेगूसराय स्थित आवास के साथ ही कार्यालयों पर की। दोनों आवासों से टीम को करीब 70 लाख से ज्यादा नकदी और और करीब 80 लाख रुपये कीमत के जेवर बरामद हुए हैं। टीम को नोट गिनने के लिए करेंसी काउंटिंग मशीन का भी सहारा लेना पड़ा। इसके साथ ही पटना स्थित आवास से करीब 40 कीमती विदेशी घड़ियां भी बरामद हुई हैं, जिसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा आंकी जा रही है।
निगरानी की टीम को निवेश से जुड़े कागजात भी हाथ लगे हैं। ब्यूरो ने एक करोड़ छह लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने के बाद एफआइआर दर्ज की है। रविंद्र कुमार दिवाकर पहले गया में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर तैनात थे। करीब एक साल से पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर तैनात थे। इस समय वह दानापुर के रूपसपुर थानाक्षेत्र मे नहर रोड स्थित कश्यप ग्रीनसिटी में एक अपार्टमेंट में किराये पर फ्लैट लेकर रह रहे हैं। उन्होंने इसी अपार्टमेंट में पेंटा हाउस समेत दो फ्लैट भी खरीदे हैं, जिनकी मेंटनेंस का काम चल रहा है। आय से अधिक संपत्ति से जुड़े विजिलेंस पीएस केस नंबर 113/26 के सिलसिले में सोमवार को टीम ने कोर्ट से सर्च वारंट लिया और दोपहर में आवास और कार्यालय में एक साथ छापेमारी कर दी। पटना के साथ ही बेगूसराय में नगर थाना पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास में पहुंची टीम को नोटों का जखीरा हाथ लगा।
विजिलेंस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों जगहों से 100 से ज्यादा 500 रुपये के नोट की गड्डियां बरामद हुई हैं। दंपति के कार्यालय पहुंची टीम को कुछ खास हाथ नहीं लगा है। विजिलेंस के मुताबिक, तलाशी के दौरान नकद और अन्य चल-अचल संपत्ति की बरामदगी से आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा भ्रष्टाचार का मामला और पुख्ता हुआ है।


Post a comment