मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, वैशाली के पातेपुर में...

वैशाली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तथा दो चुनाव आयुक्तों द्वारा दर्ज आपत्तियों पर उचित कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को वैशाली के पातेपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस का झंडा और मांगों से संबंधित पोस्टर लेकर चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर उठ रहे सवालों का उचित और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया गया है, उन पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य तारक चौधरी तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता पारस चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मामलों में उठ रहे सवालों की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। इन नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन देशभर में चलाए जा रहे पार्टी के विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। प्रखंड अध्यक्ष मो अनवारूल हक ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के एसआईआर सहित चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर स्पष्टता जरूरी है।

प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष मो अनवारूल हक, कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य तारक चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पारस चौधरी, इंटक जिला महामंत्री बिपिन कुमार सिंह, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, जंदाहा प्रखंड अध्यक्ष चंदन झा, देसरी प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार, एजाज अहमद, मो अजीमुद्दीन टेलर, सुनील शाह, वशिष्ठ महतो, रामचंद्र राय, अजीत कुमार सिंह, समता महाविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव अरविंद आजाद, सुबोध पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment