शपथ ग्रहण के अगले ही दिन कार्यभार संभाल लिया बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने, कहा 'गांव से लेकर शहर तक...'

पहले दिन ही एक्शन में निशांत कुमार, बोले- गांव से शहर तक मिलेगी समान स्वास्थ्य सुविधा। पूर्व मुख्यमंत्री और पिता नीतीश कुमार के विकासात्मक कार्यों की परंपरा को जारी रखने का जताया भरोसा

पटना: निशांत कुमार ने शुक्रवार को नए स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने गुरुवार को नए मंत्रिमंडल गठन के दौरान मंत्री पद की शपथ ली थी। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में राज्य में जो भी ईमानदारी पूर्वक विकास कार्य किए, उसे भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर मंत्री ने कहा कि यह शहर से लेकर गांव तक एक समान होगी। यानी अमीर-गरीब में बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक जरूरतमंद को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाएगी। 

 स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर रहेगा जोर    

निशांत कुमार ने कहा कि कार्यभार ग्रहण करने का आज पहला दिन है, इसलिए राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं को थोड़ा समझना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों में पूरी ईमानदारी और संवेदना बरती जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों की एक बैठक भी ली। जिसमें सचिव लोकेश कुमार सिंह, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय के साथ दूसरे पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment