भागलपुर में एक साथ 845 मकान मालिकों को नगर निगम ने थमा दिया नोटिस, लोगों में आक्रोश, जानें क्या है मामला
- by Manjesh Kumar
- 13-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में एयरपोर्ट के आसपास बने 845 मकानों को लेकर नगर निगम की ओर से जारी नोटिस के बाद विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को दो दर्जन से अधिक मकान मालिक नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त से मिलने की कोशिश की। नगर आयुक्त के कार्यालय में नहीं मिलने पर लोगों ने निगम परिसर में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी लोग मेयर वसुंधरा लाल से मिले और अपनी समस्या रखी। मेयर ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी के मकान पर आंच नहीं आने दी जाएगी।
वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्षों पहले जमीन की रजिस्ट्री कराई नगर निगम से भवन का नक्शा पास कराया और उसके बाद ही मकान बनाया। अब अचानक दोबारा कागजात मांगकर मकानों को अवैध बताने की तैयारी की जा रही है, जिससे लोग परेशान हैं। इधर नगर निगम का कहना है कि एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भवनों की वैधता की जांच की जा रही है। सभी भवन स्वामियों को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा, इसके लिए 14 जुलाई, 18 जुलाई, 24 जुलाई और 8 अगस्त की तिथियां तय की गई हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। यदि कोई भवन स्वामी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता या सुनवाई में शामिल नहीं होता तो बिहार नगर निकाय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment