गुस्से में पप्पू यादव ने अपराधी के एनकाउंटर की कर दी मांग, कहा 'बिहार के नेता जाति के नाम पर वोट लेने के बाद...'

भागलपुर: बीते दिनों भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी थी जिसका इलाज के दौरान पटना के एक अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव मृतक के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढाढस बंधाया और न्याय दिलाने में भरपूर मदद का आश्वासन दिया वहीं दूसरी तरफ उन्होंने पुलिस से घटना के आरोपी का एनकाउंटर करने की मांग कर दी।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मृतक का परिवार गरीब परिवार है जिसे कुछ दबंगों ने गोली मार दी और उसकी मौत हो गई। परिजनों पर एक तरफ दुख का पहाड़ टूट पड़ा तो दूसरी तरफ सभी दहशत में जी रहे हैं। आरोपी मृतक के भाइयों को भी अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले को लेकर मैने भागलपुर के एसएसपी से बात की है और उनसे मांग की है कि इस तरह के लोगों की हत्या करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैं खुद भागलपुर जाऊंगा और डीआईजी तथा अन्य पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर स्पीडी ट्रायल की मांग करूंगा।

मीडिया से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि इस पूरे इलाके में पिछड़े समाज के लोगों की बहुलता है। जिस समाज के युवक की मौत हुई है उसी समाज से बिहार में दो दो मंत्री हैं, लेकिन उन लोगों ने अब तक घटना की निंदा तक या शोक भी प्रकट नहीं किया है। ये लोग जाति के नाम पर वोट ले लेते हैं और फिर हिन्दू मुसलमान में उलझ कर असली मुद्दे की बात छोड़ देते हैं। मैने आज तक राजनीति नहीं की बल्कि सेवा की है और मैं निचले और मध्यम वर्ग के लोगों के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं कर सकता हूं।

  

Related Articles

Post a comment