मेलोनी को देंगे मेलोडी और देश की जनता को ट्रैजेडी, पप्पू यादव ने पूछा 'आ गए न अच्छे दिन'
- by Manjesh Kumar
- 25-May-2026
- Views
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सांसद पप्पू यादव का केंद्र सरकार पर हमला, कहा - जनता की जेब काटने में लगी हुई है मोदी सरकार
पूर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक बार फिर लगभग तीन रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद अब तक करीब आठ रुपये प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ चुकी हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि महंगाई की मार से आम जनता परेशान है, लेकिन मोदी सरकार जनता की जेब काटने में लगी हुई है।
सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार की आर्थिक नीतियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। मेलोनी को मेलोडी बांटेंगे और देश के साथ ट्रेजेडी करेंगे। जनता की जेब काटी जाएगी और लोग सिर्फ ताली बजाते रह जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आ गए न अच्छे दिन और जनता को अब समझना चाहिए कि महंगाई का सबसे बड़ा बोझ गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। इससे पहले भी पप्पू यादव ने ट्वीट कर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका जताई थी। उन्होंने लिखा था कि धीरे-धीरे दस से पंद्रह रुपये तक दाम और बढ़ाए जाएंगे। जोर का झटका धीरे से दिया जाएगा और जनता सिर्फ जय-जयकार करती रह जाएगी।
उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाकर भावनात्मक मुद्दों पर राजनीति कर रही है। पप्पू यादव ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर परिवहन, खेती, व्यापार और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई और अधिक बढ़ती जा रही है। यह देश की जनता के साथ आर्थिक लूट है।


Post a comment