दिल्ली के बाद पटना में भारी बवाल, राजभवन का घेराव करने निकले छात्रों ने पुलिस पर फेंके पत्थर, CRPF किया गया तैनात
- by Manjesh Kumar
- 22-Jul-2026
- Views
पटना: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज के विरोध में बुधवार को राजधानी पटना में भी जम कर बवाल हुआ। गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से भारी संख्या में छात्र राजभवन के लिए निकले। इस दौरान छात्रों ने न सिर्फ पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी बल्कि पुलिस पर पथराव भी किया जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़ कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। इससे पहले पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की भी कोशिश की लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को डाकबंगला चौराहा के समीप भी रोकने की कोशिश की लेकिन बैरिकेडिंग तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एक जुट होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए आंसू गैस के चार गोले दागे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से बल प्रयोग किए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र राजभवन मार्च के लिए जुटे रहे। राजभवन मार्च के शामिल छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ देश भर में चल रहे आंदोलन के समर्थन में आगे भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी तरफ लाठीचार्ज और अफरातफरी के दौरान कई छात्रों के साथ ही मीडियाकर्मियों को भी चोटें आईं हैं।
हंगामे के बीच पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी पर हमला करके उसके शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उग्र प्रदर्शन देखते हुए आईजी ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का आदेश दिया। हालात को बेकाबू होते देख डाकबंगला चौराहे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों CRPF और BSF को भी मौके पर तैनात करना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर डाकबंगला चौराहे के आसपास की ज्यादातर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आनन-फानन में बंद करा दिए गए।


Post a comment