स्वास्थ्य मंत्री ने पहली बार की बड़ी कार्रवाई, पीएमसीएच के प्रिंसिपल को हटाया
- by Manjesh Kumar
- 25-Jun-2026
- Views
पटना: स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पहली बार बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने पीएमसीएच के प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। पीएमसीएच के प्रभारी प्रिंसिपल डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह को उनके पद के अतिरिक्त प्रभार से हटाए जाने के बाद अब डॉ गीता सिन्हा को प्रिंसिपल की जिम्मेदारी दी गई है। दरअसल बीते 23 जून को स्वास्थ मंत्री निरीक्षण के लिए पीएमसीएच पहुंचे थे। इस दौरान प्रिंसिपल अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित थे। निरीक्षण के बाद बैठक के लिए मंत्री निशांत कुमार ने डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह को फोन भी किया था लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया था।
निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल की अनुपस्थिति से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार नाराज हो गए थे और उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भी कहा था कि यह गलत बात है और इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने जांच करवाई। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि अपनी ड्यूटी के दौरान पीएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह अपने निजी क्लिनिक में मौजूद थे। इस दौरान उनकी सरकारी गाड़ी भी निजी क्लिनिक के बाहर खड़ी थी जो कि सरकारी संसाधन का दुरुपयोग माना गया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह ने नाराजगी जाहिर की तथा इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के दौरे की जानकारी उन्हें नहीं थी साथ ही वे एक दुर्घटना के शिकार हो गए थे जिस वजह से वहां नहीं पहुंच सके थे। उन्होंने कहा कि विभाग ने उनसे कोई स्पष्टीकरण लिए बगैर सीधी कार्रवाई की है।


Post a comment