बिहार में अपराधिक घटनाओं पर विपक्ष लगातार हमलावर, मंत्री दिलीप जायसवाल ने जताई सरकार को बदनाम करने की आशंका
- by Manjesh Kumar
- 24-Sep-2026
- Views
पटना: बिहार में महिलाओं और लड़कियों के साथ उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर सरकार और पुलिस प्रशासन लगातार कार्रवाई का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाओं के सामने आने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। जमुई की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बिहार की राजधानी पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर समस्तीपुर से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। सरकार की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष ने इसे लेकर सरकार की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस ने बोला जोरदार हमला
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि मामला केवल समस्तीपुर तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरपुर में स्कूल जा रही छात्राओं ने जब छेड़खानी का विरोध किया तो उन पर चाकू से हमला किया गया। वहीं, एसकेएमसीएच से एक युवती के अपहरण और पटना से एक लड़की को अगवा कर लखनऊ ले जाकर उसकी हत्या किए जाने जैसी घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। तिवारी ने कहा कि समस्तीपुर की घटना का वायरल वीडियो भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।
सरकार थपथपा रही अपनी पीठ
महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल ने भी सरकार को घेरा है। आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि जमुई मामले में कार्रवाई कर सरकार ने अपनी पीठ थपथपाने का प्रयास किया था, लेकिन उसके तुरंत बाद समस्तीपुर की घटना सामने आने से सरकार की कार्यक्षमता और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रभाव और नियंत्रण कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। शक्ति यादव ने यह भी कहा कि जब राज्य में बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तब अभिभावकों की चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख की बात कही थी, और सरकार से जवाब मांगा।
सरकार को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश
वहीं, महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच सरकार के बचाव में बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जमुई और समस्तीपुर जैसी घटनाओं के वायरल वीडियो कई सवाल खड़े करते हैं। दिलीप जायसवाल ने कहा कि सामान्य तौर पर कोई भी अपराधी ऐसा नहीं चाहेगा कि अपराध करते समय उसका चेहरा या उसकी पहचान वीडियो में कैद हो जाए, क्योंकि इससे उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आसान हो जाती है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि घटनाओं के दौरान वीडियो किसने और किस उद्देश्य से बनाया तथा उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि कहीं इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश या किसी विशेष उद्देश्य से सरकार की छवि खराब करने की कोशिश तो नहीं है। इस पूरे पहलू की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष से भी सवाल किया कि घटनाओं के वीडियो वायरल होने के पीछे की परिस्थितियों और संभावित साजिश पर वह क्या कहना चाहता है।


Post a comment