महिला दारोगा ने युवक को दी जेल भेजने की धमकी तो चढ़ गया टावर पर, बारिश के बीच कई घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
- by Manjesh Kumar
- 24-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक युवक पुलिस से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी अंकित राज चौधरी के रूप में की गई। बताया जा रहा है पुलिस द्वारा कथित तौर पर उक्त युवक को धमकाने के बाद युवक मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। मिली जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने से ठीक पहले अंकित राज चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। उक्त वायरल वीडियो के अनुसार अंकित का करीब डेढ़ महीने पहले मोबाइल चोरी हो गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया था। इसके बाद युवक ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कोर्ट से पूरी कानूनी प्रक्रिया कर मोबाइल लाने थाना पहुंचा।
अंकित का आरोप है कि बुधवार को जब वह कोर्ट का रिलीज ऑर्डर लेकर गायघाट थाना पहुंचा और अपना मोबाइल मांगा तो वहां तैनात एक महिला दारोगा ने उसे मोबाइल देने से साफ इनकार कर दिया। युवक का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया, तो थाने में उसके साथ मारपीट की गई और झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। इसी बात से आहत होकर वह सुबह-सुबह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह से हो रही बारिश के बीच अंकित करीब चार घंटे तक टावर के ऊपर ही बैठा रहा। नीचे उसके परिवार वाले, ग्रामीण और पुलिसकर्मी उसे लगातार समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक महिला दरोगा द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ा रहा। हालांकि कई घंटो बाद परिजनों और पुलिस के काफी प्रयास के बाद अंकित को समझा बुझाकर नीचे उतारा गया।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment