जयमाला शिक्षा निकेतन में ज्ञान का महासंग्राम, चार हाउस आमने-सामने

कटिहार: जयमाला शिक्षा निकेतन में बुधवार को विद्यार्थियों के बीच ज्ञान, तर्क और आत्मविश्वास का रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय में इंटर-हाउस क्विज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक डॉ एस के सुमन ने किया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में स्वामी विवेकानंद हाउस, गांधी हाउस, मदर टेरेसा हाउस और कलाम हाउस के विद्यार्थियों के बीच मुकाबला हुआ। मंच पर सवालों की बौछार के बीच प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए। सही उत्तर के लिए विद्यार्थियों की तत्परता और अपनी टीम को आगे बढ़ाने का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतियोगिता ने विद्यालय परिसर में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना दिया।

सिर्फ सवाल-जवाब नहीं, सोच को धार देने का मंच

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ एस के सुमन ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता केवल प्रश्नों के सही उत्तर देने तक सीमित नहीं है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मस्तिष्क को सक्रिय रखने, त्वरित निर्णय लेने, तार्किक ढंग से सोचने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। उन्हें समसामयिक घटनाओं, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, खेल, साहित्य, तकनीक और समाज से जुड़े विषयों की जानकारी भी रखनी चाहिए। डॉ सुमन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार उसका एक हिस्सा है, जबकि वास्तविक उद्देश्य सीखना, अपनी क्षमता को पहचानना और उसे लगातार बेहतर बनाना है। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और एक-दूसरे से सीखने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार निराला सहित शिक्षक बी के वर्मा, अमित कुमार, मिथिलेश कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, लोकनाथ लोकरिय, कुमार योगेश, डॉ अनुरंजन कुमार, गोपाल झा, नवरोत्तम झा, कमरूल हक, नूर अख्तर, निशा कुमारी एवं सुमित मुखर्जी ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षकों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, आगामी चरणों में भी विभिन्न हाउस के बीच क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment