सांसद पप्पू यादव के प्रयासों से पटना से पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन की उम्मीद तेज, रेलवे कर रहा विचार

पूर्णिया: पूर्णिया, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर एक बड़ी उम्मीद जगी है। सांसद पप्पू यादव के लगातार प्रयासों के बाद पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना तेज हो गई है। रेलवे इस दिशा में प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है और जल्द ही इसे मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पूर्णिया को बेहतर रेल सुविधा से जोड़ने के लिए सांसद पप्पू यादव ने इस मुद्दे को कई बार लोकसभा में उठाया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा था। सांसद के प्रयासों के बाद यह प्रस्ताव अब रेलवे मुख्यालय स्तर पर विचाराधीन है।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया को हर स्तर की कनेक्टिविटी से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पटना जंक्शन से सहरसा, सुपौल, मधेपुरा और पूर्णिया क्षेत्र के लिए शाम 3:40 बजे कोसी एक्सप्रेस के बाद कोई सीधी रात्रिकालीन ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसके बाद यात्रियों के पास सीमित विकल्प बचते हैं। ऐसे में पटना से पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन शुरू होने से छात्रों, मरीजों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि कोसी–सीमांचल क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और व्यापारिक विकास को भी गति मिलेगी। पटना से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से पूर्णिया सहित आसपास के जिलों के लोगों को राजधानी से जुड़ने में सुविधा होगी। सांसद पप्पू यादव ने भरोसा दिलाया कि सीमांचल के विकास और जनता की जरूरतों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment