पूर्णिया में अब अपराधियों की नहीं होगी खैर, एसएसपी की गठित विशेष 15 टीम एनकाउंटर में भी है सक्षम, और क्या है खास...

पूर्णिया: पूर्णिया के एसएसपी के तौर पर पदभार ग्रहण करते ही आईपीएस डॉ शौर्य सुमन ने क्राइम कंट्रोल की दिशा में काम शुरू कर दिया। उन्होंने जिले की पुलिसिया व्यवस्था में कई बदलाव किए और लगातार क्षेत्र तथा थानों का औचक निरीक्षण कर कमियां भी खोजी और अब एक और नई पहल शुरू कर दी है। इसके तहत मंगलवार को आईजी विवेकानंद और एसएसपी शौर्य सुमन ने एक विशेष बाइकर दस्ता को हरी झंडी दिखा कर रवाना भी किया। यह विशेष बाइकर टीम शहर में लगातार गश्ती करेंगी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के साथ छिनतई, लूट, चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाएंगी। इतना ही नहीं यह विशेष टीम जरूरत पड़ने पर अपराधियों का एनकाउंटर भी कर सकेंगी।

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने बताया कि जिले में लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 80 जांबाज पुलिसकर्मियों का 15 बाइकर टीम बनाई गई है। इस टीम में कई स्तर पर जांच और छानबीन के बाद जवानों को रखा गया है जो हर तरह की कार्रवाई करने में सक्षम हैं। सभी लोग 24 घंटे खास कर व्यावसायिक समय में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और अन्य जगहों पर नजर बना कर रखेंगे। इसके साथ ही सूचना मिलने के महज कुछ मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच कर कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। एसएसपी ने बताया कि विशेष बाइकर टीम के सदस्य फायरिंग में भी दक्ष हैं और मौजूदा परिस्थिति में एनकाउंटर की स्थिति में भी किसी तरह की मदद का इंतजार किए बगैर कार्रवाइ कर सकेंगें। एसएसपी ने बताया कि इस विशेष टीम के गठन का एकमात्र उद्देश्य शहर और जिले में कानून व्यवस्था स्थापित करना तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने कहा कि फिलहाल हमें 500 जवान मिले हैं जिसमें हमने यातयात डीएसपी को भी जवान दिए हैं ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्थित किया जा सके। सभी चौक चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्थित रखे जाने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर में पुलिसिया व्यवस्था चाक चौबंद किए जाने की जिम्मेदारी एसडीपीओ 1 को दी गई है। साथ ही मै भी समय समय पर औचक निरीक्षण करूंगा और सभी पुलिस अधिकारी तथा कर्मियों को उनके परफॉर्मेंस के आधार पर पुरस्कृत या दंडित भी किया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि हमने इस विशेष टीम के लिए वर्दी भी अलग तरह से तैयार करवाया है। जिलाधिकारी के सहयोग से हमने बियाडा क्षेत्र में स्थापित कपड़ा उद्योग से वह वर्दी तैयार करवाया है जिसे आप लोग भी बहुत जल्दी ही टीम के सदस्य को पहने हुए देखेंगे।

वहीं इस दौरान आईजी विवेकानंद ने कहा कि बीते दिनों शहर में दो तीन घटनाएं घटी थी जिसे हमने एक चुनौती के रूप में लिया और पूर्णिया को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया। जिले के एसएसपी के तौर पर ड्यूटी जॉइन करने के बाद से डॉ शौर्य सुमन ने भी कई चीजों में सुधारात्मक कदम उठाया है और हमें उम्मीद है कि पूर्णियावासी अपराध और भयमुक्त वातावरण में रहेंगे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बाइकर्स टीम को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस दस्ते में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है।

  

Related Articles

Post a comment