पूर्णिया : बिहार पुलिस सप्ताह के अंतर्गत विद्या विहार स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

पूर्णिया, 25 फरवरी 2026। बिहार पुलिस सप्ताह (22 फरवरी से 27 फरवरी) के अवसर पर पूर्णिया पुलिस द्वारा विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा में कक्षा 4 से 7 तक के छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय परिसर के जूनियर बास्केटबॉल मैदान स्थित खुले मंच पर सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में लगभग 500 से 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन “जन सुरक्षा के लिए तत्पर” संकल्प के साथ किया जा रहा है। इस दौरान आपातकालीन सेवा 112 के प्रति जागरूकता, गश्ती व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा सुरक्षा जांच अभियान जैसे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का संदेश दिया जा रहा है। यह सभी कार्यक्रम पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत की निगरानी एवं मार्गदर्शन में संचालित किए जा रहे हैं।


चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “नारी सशक्तिकरण” रखा गया। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से महिलाओं की गरिमा, अधिकार, सुरक्षा एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस पदाधिकारियों राजनंदनी मैम, टीपीओ फणीश्वर नाथ, सुरेन्द्र कुमार जी, राहुल ओझा जी सहित अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ चित्रकला प्रतियोगिता से हुआ, तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री निखिल रंजन ने स्वागत भाषण दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुलिस पदाधिकारियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।


प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे—

प्रथम स्थान – शैलजा सुमन

द्वितीय स्थान – दीक्षिता रॉय

तृतीय स्थान – अमन राज



सांत्वना पुरस्कार के रूप में नव्या राज, किशन राज एवं आदित्य आनंद को चित्रकला सामग्री किट प्रदान की गई।


विद्यालय परिवार की ओर से पुलिस पदाधिकारियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 

प्राचार्य श्री निखिल रंजन, जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल शांडिल्य ,उप-प्राचार्या श्रीमती रीता मिश्रा, प्रशासिका श्रीमती प्रीति पांडेय एवं जूनियर प्रशासिका श्रीमती सुप्रिया मिश्रा उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारी विद्यालय के कला शिक्षक श्री प्रभास सरकार ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अनुरक्षण दल के सहयोग से की। अंत में श्रीमती राजनंदनी ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन दिया तथा सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विजेता विद्यार्थियों के साथ सामूहिक छायाचित्र लिया गया।


बिहार पुलिस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सुरक्षा जागरूकता एवं नारी सशक्तिकरण के संदेश को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

  

Related Articles

Post a comment