चुनौती के कुछ देर बाद ही राबड़ी आवास पहुंची पुलिस, बढ़ी गहमागहमी
- by Manjesh Kumar
- 30-May-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर अब सियासी जंग छिड़ता हुआ दिख रहा है। यह आवास खाली करने के लिए शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग ने तीसरी बार राबड़ी देवी को नोटिस जारी किया तो शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बंगला खाली नहीं करेंगे, सम्राट चौधरी फोर्स भेज कर खाली करवा लें। अब जानकारी मिल रही है कि सचिवालय थाना की एसडीपीओ अनु कुमारी फोर्स लेकर 10 सर्कुलर रोड आवास पहुंच भी गई हैं।
बताया जा रहा है कि लालू यादव अपना रूटीन चेकअप के लिए सिंगापुर गए हैं जबकि राबड़ी देवी आज ही पोता का जन्मदिन मना कर गाजियाबाद से पटना लौटी हैं। हालांकि 10 सर्कुलर रोड आवास में कुछ देर तक अंदर रहने के बाद पुलिस वापस लौट गई। इस दौरान मीडिया ने जब सवाल किया तो एसडीपीओ ने कोई जवाब नहीं दिया। फिलहाल यह सामने नहीं आया है कि आखिर पुलिस 10 सर्कुलर रोड में क्या करने गई थी लेकिन यह जरूर चर्चा तेज हो गई है कि राबड़ी देवी ने जो मीडिया में कहा वह अब सच होने लगा है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को भवन निर्माण विभाग ने विगत वर्ष नवंबर महीने में 39 हार्डिंग रोड आवास आवंटित किया था और उनका वर्तमान आवास 10 सर्कुलर रोड मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया है। इस संबंध में भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को एक बार फिर नोटिस जारी कर राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए कहा है। हालांकि नोटिस के बाद राबड़ी देवी ने दो टूक जवाब दिया है कि सम्राट चौधरी चाहें तो फोर्स बुला कर खाली करवा लें।


Post a comment