CM सम्राट ने भी मान लिया कि अपराध मुक्त नहीं है बिहार, RJD ने एनकाउंटर पर भी उठाए सवाल...

पटना: बिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव समेत पूरी पार्टी सम्राट चौधरी की सरकार पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने राजधानी पटना में स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बिहार की सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री को भी निशाने कर लिया।

राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि दोनों डिप्टी सीएम को सरकार में कूड़ेदान के बराबर भी सम्मान नहीं दिया जा रहा। जब डिप्टी सीएम ने गुहार लगाई तो पूर्व सीएम ने सीएम को बुलाया, लेकिन उन्होंने हाथ खड़े कर दिए कि ऊपर का आदेश है। 20 साल में नीतीश जी ने सिर्फ जातीय नफरत फैलाई है। बिहार के खजाने पर श्वेत पत्र जारी होना चाहिए। जो बच्चा पैदा लेता है वो 27 हजार रुपये का कर्ज लेकर पैदा होता है। बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय कर्ज में डुबो दिया। जिस घर में कर्ज से काम चल रहा हो, उस परिवार का स्वास्थ्य कैसे ठीक रहेगा?

शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जब हम अपराध की बात करते हैं तो कहते कि बिहार अपराध मुक्त है और अब सीएम के बयान से ही क्लियर हो गया कि बिहार अपराध मुक्त नहीं है। इसका मतलब 20 साल से अपराध ने बिहार को जकड़ रखा है। पहले स्टेशन रोड में जो अवैध धंधे चल रहे थे, वो किसके संरक्षण में थे? वर्तमान सरकार चौतरफा चित पड़ गई है। जिन लोगों ने जदयू को डुबोया, आज उन पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। वादा किसने तोड़ा? मेरी चुनौती है, पब्लिक डोमेन में आकर ये लोग बात करें। बीजेपी और जदयू का अलग-अलग धर्म है। आने वाले समय में जदयू का कोई मतलब नहीं बचेगा। असली लड़ाई राजद और बीजेपी के बीच होगी। हम तो सीएम को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने माना अपराध मुक्त करना है, यानी पहले से अपराध हो रहा है।

शक्ति सिंह यादव ने अपराधियों के एनकाउंटर को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि एनकाउंटर को लेकर दोहरा मापदंड है। सत्ता से जुड़े लोगों के लिए अलग कानून है। बीजेपी सरकार के सीएम ने दोनों डिप्टी सीएम को रत्ती भर जगह नहीं दी। जब भी जदयू PC करती है, समझ जाइए घबराहट में है। सरकार का कोई विजन नहीं है, हमारा आइडिया चुराया, लेकिन चुराने में भी लड़खड़ा गए। अब कटोरा लेकर दरवाजे-दरवाजे घूम रहे हैं। DM-SP की बैठक में डिप्टी सीएम को बुलाया तक नहीं। रद्दी बराबर भी वैल्यू नहीं दी। विजय चौधरी कहते हैं मुसलमानों को सम्राट नीतीश की तरह ही सुरक्षित रखेंगे। इनके ही लोगों ने मॉबलिंचिंग करवाई। राजद मुसलमानों को बीजेपी के नाम पर डराती है? इतने लंबे समय से मुसलमानों का साथ राजद को मिला है। अपराधियों की जाति मत बताओ, वरना आने वाले समय में कड़ा जवाब मिलेगा।

  

Related Articles

Post a comment