भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बोले सीएम सम्राट, दोषी बच नहीं पाएंगे, उच्च स्तरीय आयोग कर रही जांच...
- by Manjesh Kumar
- 25-Jun-2026
- Views
भोजपुर: भोजपुर में भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर का मामला राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है। एक तरफ विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है तो दूसरी तरफ भरत तिवारी के समर्थन में देश भर से आवाजें उठ रही है। इस बीच अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पहली बार प्रतिक्रिया दी है। सीएम सम्राट ने कहा कि इस मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया है और दोषी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम सम्राट ने कहा कि राज्य में किसी भी समस्या को सरकार गंभीरता से लेते हुए काम करती है। इस मामले में भी राज्य का सबसे उच्च स्तर का आयोग जांच के लिए गठित किया है।
बता दें कि मामले में राज्य सरकार की तरफ से गठित उच्चस्तरीय टीम जांच के लिए गुरुवार को भोजपुर पहुंची। पटना हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में शाहाबाद के डीआईजी सत्य प्रकाश, भोजपुर डीएम तनय सुल्तानिया, एसपी राज और अन्य अधिकारी भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे। रिटायर्ड जज ने भरत तिवारी के माता-पिता और भाई से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का पक्ष सुना और घटना से जुड़े स्थानों का भी निरीक्षण किया। जांच आयोग पूरे मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने में लगा है।
जांच टीम से मुलाकात के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि उन्होंने जज से अपने बेटे की हत्या में शामिल सभी लोगों को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की CBI जांच होनी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि बुधवार को बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में महापंचायत आयोजित की गई। इसमें शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि भरत तिवारी की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो श्राद्धकर्म के बाद विधानसभा का घेराव किया जाएगा।


Post a comment