राज्य के सभी सरकारी भवनों पर लगाए जाएंगे रूफटॉप सोलर प्लांट, सम्राट कैबिनेट ने 22 एजेंडों पर लगाई मुहर
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को बिहार मंत्रिमंडल की बैठक की गई जिसमें कुल 22 एजेंडों को स्वीकृति दी गई। कैबिनेट की बैठक में ऊर्जा, कृषि, नगर विकास एवं आवास, राजस्व एवं भूमि सुधार, तथा ग्रामीण विकास विभाग समेत कई विभाग से संबंधित एजेंडों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की बैठक में ऊर्जा विभाग के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष से वित्तीय वर्ष 2029-30 तक राज्य के सरकारी और सरकार के अधीन भवनों पर 500 मेगावाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जाने की स्वीकृति दी गई। वही गन्ना उद्योग विभाग के तहत मुजफ्फरपुर के मोतीपुर चीनी मिल की जमीन न्यायालय के आदेशानुसार इंडियन पोटाश लिमिटेड से वापस लेने के लिए राशि की स्वीकृति दी गई।
वहीं कैबिनेट की बैठक में कृषि विभाग के तहत दलहन की फसल को बढ़ावा देने के लिए अनुदान राशि की स्वीकृति, डिजिटल एग्रिकल्चर मिशन के तहत फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे हेतु राशि की स्वीकृति, खाद्यान्न एवं वाणिज्यिक फसलों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के लिए राशि की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तहत जलीय कृषि अवसंरचना के विकास के लिए बिहार एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के गठन की स्वीकृति, नेशनल प्रोग्राम फॉर डेयरी डेवलेपमेंट के तहत बल्क मिल्क कूलर, डाटा प्रोसेसर आधारित दुग्ध संग्रहण इकाई एवं दूध मिलावट जांच मशीन लगाए जाने की स्वीकृति दी गई।


Post a comment