मुजफ्फरपुर जिला के सभी 16 प्रखंडों में 6 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होगा ‘सेवा सेतु शिविर 'सरकार आपके द्वार’

मुजफ्फरपुर: सरकार के निर्देश के आलोक में मुजफ्फरपुर जिले के सभी 16 प्रखंडों में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिनांक 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने शिविर का सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया है। पदाधिकारियों को त्रुटिहीन व सुदृढ़ तैयारियां करने का निदेश दिया गया है। डीएम ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना तथा योजनाओं से संबंधित लंबित लाभ/शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में आयोजित होने वाले ‘सेवा सेतु शिविर’ के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर से नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर को जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। वे शिविरों की तैयारी एवं आवेदनों के निष्पादन का अनुश्रवण करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के संभावित लाभुकों से उनके लंबित लाभ एवं शिकायतों के संबंध में आवेदन तत्काल प्रभाव से प्राप्त किया जा रहा है। सभी पंचायत सरकार भवनों तथा नगर निकायों के वार्डों में आवेदन एवं शिकायतों का संग्रहण किया जाएगा तथा आवेदकों को उनकी प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्रखंडवार डाटाबेस तैयार किया जाएगा। जिला योजना पदाधिकारी द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार डाटाबेस तैयार किया जाएगा। शिविर में केंद्र सरकार की 26 योजनाओं एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का शिविर स्थल पर सूचना एवं हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। संबंधित विभागों के प्रखंड-स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी तथा पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें लाभान्वित करने की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पदाधिकारियों को शिविर का व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था रहेगी। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर में आमजन के बैठने, पेयजल तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, गैर-सरकारी संगठनों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु शिविर की तैयारियों का निरंतर निरीक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों की प्राप्ति के उपरांत उनका निष्पादन 26 अक्टूबर 2026 तक सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर के दिन लंबित मामलों का भी अनिवार्य रूप से संकलन किया जाएगा तथा संबंधित डाटा को प्रत्येक दिन अद्यतन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’ के आयोजन के लिए संकल्प अभियान पोर्टल का निर्माण कराया गया है। सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, लाभार्थियों एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं को उक्त पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है। जिला आईटी प्रबंधक, मुजफ्फरपुर संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए सूचनाओं को समय पर पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम के नगर आयुक्त अपने स्तर से ‘सेवा संकल्प अभियान–सरकार आपके द्वार’ के सफल आयोजन के लिए मुजफ्फरपुर नगर निगम एवं जिले के अंतर्गत नगर परिषद/नगर पंचायत के सभी वार्डों में सेवा सेतु शिविर के आयोजन हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा शिविर के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

‘सेवा संकल्प अभियान–सरकार आपके द्वार’ से संबंधित जिला स्तर पर सभी प्रकार के डाटाबेस एवं प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने के लिए निदेशक, डीआरडीए, मुजफ्फरपुर को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाला नियमित सहयोग शिविर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत आयोजित किया जाता रहेगा।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment