कम संसाधन में भी हासिल की जा सकती है सफलता, कटिहार के दियारा से निकल कर सौरभ बने बीडीओ
- by Manjesh Kumar
- 21-Jun-2026
- Views
कटिहार: शनिवार को बिहार लोक सेवा आयोग ने 70वीं संयुक्त परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। परिणाम के अनुसार कुल 2027 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया है। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के परिवार समेत पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में कटिहार के बरारी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर महनाडीह में हर्ष का माहौल देखा गया जहां विषम परिस्थितियों में रहने के बावजूद एक युवक ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि बीपीएससी परीक्षा में सफल अभ्यर्थी सौरभ कुमार अकेला ने अपनी मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की है। 388वीं रैंक प्राप्त करने वाले सौरभ को प्रखंड विकास पदाधिकारी का पद दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सौरभ के पिता श्रीकांत मिश्र साहिबगंज में छोटी-मोटी दुकान चलाकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। दियारा क्षेत्र में बाढ़, आवागमन की कठिनाई और पढ़ाई के लिए जरूरी संसाधनों का अभाव हमेशा चुनौती बनी रही जिसके बावजूद सौरभ ने हार नहीं मानी। लोगों ने बताया कि सौरभ की प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी विद्यालय से हुई। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज से स्नातक साथ ही विधि की पढ़ाई पटना लॉ कॉलेज से की। पटना में रहते हुए उन्होंने स्व-अध्ययन और पुस्तकालयों के सहारे BPSC की तैयारी की। आर्थिक तंगी के कारण वे महंगे कोचिंग संस्थानों में नहीं जा सके।
बेटे की सफलता की खबर सुनकर भावुक हुए श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि हम दुकान से जो भी कमाते थे, वह सब बेटे की किताबों और जरूरतों पर लगा देते थे लेकिन सौरभ को पढ़ाई से नहीं हटने दिया। आज 388वीं रैंक के साथ उसका फल मिला है, मुझे अपने बेटे पर गर्व है। वहीं सौरभ ने कहा कि दियारा में बिजली, इंटरनेट और कोचिंग जैसी सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन पटना विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी और वहां के सीनियर मेरे लिए मार्गदर्शक बने। मैंने यही तय किया था कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। यह 388वीं रैंक मेरे गांव के हर उस बच्चे के नाम है जो कम संसाधनों में भी बड़ा सपना देखता है। सौरभ ने कहा कि अब मेरा लक्ष्य है कि प्रशासनिक सेवा में रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाऊं। खासकर बाढ़ग्रस्त दियारा क्षेत्र की समस्याओं को मैं सबसे पहले समझता हूं, इसलिए उन्हें प्राथमिकता दूंगा।
सौरभ की इस उपलब्धि पर दियारा क्षेत्र में खुशी की लहर है। चाचा ऋषि कान्त मिश्र ने कहा कि सौरभ ने साबित कर दिया कि अगर इरादा पक्का हो तो दियारा से भी पटना तक का रास्ता तय किया जा सकता है। मोहनाचांदपुर भवानीपुर के पूर्व मुखिया ब्रम्हानंद साह, बलराज यादव, भवानीपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटि, जयप्रकाश राय, असोक राय, काशीनाथ राय, गौतम राय, ओमप्रकाश पांडे, शुभ नारायण राय, कन्हैया सिंह, संजय कुमार सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष अंशु सिंह सहित ग्रामीणों ने सौरभ के बीपीएस सी आरडीओ 388 रैंक सफलता पर हर्ष जताया।


Post a comment