दो घंटे तक पेड़ से लटका रहा महिला का शव, सूचना के बाद पहुंची पुलिस, जांच में जुटी पुलिस
- by Manjesh Kumar
- 29-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: हथियावां थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। टाटी नदी पुल के समीप आम के बगीचे में देर शाम करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना के बाद भी करीब दो घंटे तक पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। शेखपुरा-बरबीघा मुख्य सड़क के पास शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद हथियावां थानाध्यक्ष वैभव कुमार और डीएसपी ज्योति कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और फॉरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला ने खुद फंदा लगाकर जान दी या उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की पहचान के लिए आसपास के 8 से 10 गांवों में उसकी तस्वीर और जानकारी भेजी गई है। डीएसपी ज्योति कुमारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद घटना के कारणों की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।


Post a comment