पूर्णिया में स्वागत गेट नहीं पहले जनता की समस्या का हो निदान, जदयू नेता ने नगर निगम को दी नसीहत
- by Manjesh Kumar
- 23-May-2026
- Views
पूर्णिया: अभी हाल ही में पूर्णिया नगर निगम के स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें कई योजनाओं के साथ ही शहर के कई एंट्री पॉइंट पर स्वागत गेट बनाने का भी निर्णय लिया गया है। नगर निगम के इस निर्णय पर जदयू ने तंज कसा है साथ ही नगर निगम के जनप्रतिनिधियों समेत अधिकारियों को लोगों की मूलभूत समस्या पर काम करने की नसीहत दी है।
मामले को लेकर पूर्णिया जदयू जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि शहर में आमजन के सामने कई समस्याएं मुंह बाए खड़ी है। इनमें शहर की साफ सफाई, जलजमाव, हरियाली का अभाव, गली और नाली का गुणवत्तापूर्ण न होना समेत कई अन्य समस्याएं बड़ी हैं। शहर के मधुबनी हाट, फोर्ड कंपनीज भट्टा बाजार, लाइन बाजार, माधोपाड़ा, रजनी चौक, पत्रकार नगर, बस स्टैंड, पोस्टमार्टम रोड, रामबाग, खुश्कीबाग फल मंडी और हाट, गुलाबबाग बाजार समिति, बैलेरी, मरंगा, उफरैल न ग्रामीण क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थल हैं, जहां जल जमाव, सफाई, हरियाली की कमी इत्यादि प्रमुख समस्याएं हैं।
जदयू नेता राकेश कुमार ने कहा कि नगर निगम के द्वारा स्वागत गेट बनाए जाने का निर्णय सराहनीय है लेकिन इससे पहले जनता की समस्याएं खत्म होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं पूर्णिया की मेयर, उप मेयर, नगर निगम आयुक्त से आग्रह है कि पहले स्वच्छता और हरियाली समेत जनता की समस्या पर ध्यान दें फिर स्वागत गेट भी बनवाएं।


Post a comment