राबड़ी आवास खाली करने के नोटिस मामले में सम्राट पर बरसे तेज प्रताप, नीतीश - मांझी का भी लिया नाम
- by Manjesh Kumar
- 04-Jun-2026
- Views
पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास खाली करने के भवन निर्माण विभाग की तरफ से जारी नोटिस एक बड़ा मुद्दा बना है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार सम्राट सरकार पर हमलावर है। अब इस मामले में राबड़ी - लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप ने भी बड़ा बयान दिया है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि आवास खाली करने का नोटिस सिद्ध राबड़ी देवी को क्यों दिया गया है, अगर देना है तो फिर सभी पूर्व मुख्यमंत्री को भी दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियम सब के लिए एक जैसा होना चाहिए। जब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया है तो फिर पूर्व सीएम नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी को नोटिस क्यों नहीं दिया गया।
उन्होंने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा का नाम लेते हुए कहा कि अगर सरकार नियमों का पालन कराना चाहती है, तो सरकारी आवास में रह रहे सभी नेताओं पर समान कार्रवाई होनी चाहिए। राबड़ी आवास विवाद के बहाने तेज प्रताप ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री को पटना में आठ एकड़ में फैले विशाल सरकारी आवास की जरूरत क्यों है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इतना बड़ा आवास चाहिए तो उन्हें दिल्ली के लाल किले में चले जाना चाहिए। तेज प्रताप यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ‘कोमा’ में है। उनका आरोप था कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।


Post a comment