टीकाकरण से छूटे बच्चों की बनेगी सूची, परिवार नियोजन को लेकर भी चलेगा अभियान

प्रखंड टास्क फोर्स की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, एनीमिया मुक्त भारत और रात्रि रक्त संग्रह कार्यक्रम को लेकर भी दिए निर्देश

कटिहार: प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज की अध्यक्षता में प्रखंड टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रमुखता से लेते हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को निर्धारित समय पर टीका उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने टीकाकरण से छूटे लाभुकों को चिह्नित कर उन्हें अभियान से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की। स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी और लाभुकों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने को कहा गया।

एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान बच्चों, किशोर-किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की पहचान, जांच और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं रात्रि रक्त संग्रह (एनबीएस) कार्यक्रम की स्थिति की भी जानकारी ली गई। परिवार नियोजन पखवाड़ा के तहत योग्य दंपतियों को स्थायी और अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की जानकारी देने तथा इच्छुक लाभुकों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुसर्रफ हुसैन, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बीएचएम ब्रजेश रंजन, हेल्थ एजुकेटर पारस नाथ झा, बीसीएम अभय कुमार झा, बीसीएम संतोष जायसवाल, आशीष कुमार, सुबोध कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment