सरकारी कार्यालय की टूटी छत से सरिया बाहर, झड़ रहे प्लास्टर हादसे को दे रहे दावत
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
पूर्णिया: बिहार में सभी सरकारी कार्यालय का कायाकल्प हो रहा है। नए-नए भवन बनाए जा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसे कार्यालय भी हैं जो सालों से जर्जर भवन में चल रहे हैं। पूर्णिया नगर निगम स्थित योजना शाखा का कार्यालय अंतिम सांसे गिन रहा है। यहां करोड़ों का वारा न्यारा होता है लेकिन भवन की दीवारें कमजोर हो चुकी है और सीमेंट बालू का प्लास्टर टूटकर कर गिर रहा है। लोहे का सरिया निकल कर बाहर आ चुका है। छत कहीं दो से पांच फीट टूटा है तो कहीं जंग लगा लटकता सरिया इस भवन के दर्द को बयां कर रहा है।
गाहे बगाहे प्लास्टर टूट कर नीचे भी गिरता है। इसी टूटे भवन में निगम की फाइलें रखी है और काम भी निपटाया जाता है। बारिश के दिन में यहां रखे दस्तावेज भींगते हैं लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है। यहां डर के साए में कर्मी काम करते हैं। समाहरणालय के डीएम कार्यालय से महज पंद्रह सौ मीटर की दूरी पर नगर निगम के योजना शाखा का कार्यालय है। कार्यालय के बाहर और भीतर दोनों जगह पर भवन की स्थिति जर्जर है। सवाल पूछने पर नगर निगम के योजना सहायक रोकड़पाल दीपक कुमार मंडल ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि मेयर ने संज्ञान में लिया है इसे तोड़कर बनाया जाएगा। कब बनेगा इस पर प्रश्नचिन्ह लगा है। सवाल यह है कि आखिर कब तक जर्जर भवन में सरकारी कार्यालय का संचालन होता रहेगा निगम किसी हादसे का इंतजार कर रहा है।


Post a comment