शराबबंदी वाले बिहार में सरकार की नाक के नीचे शराब की ख़ाली बोतल, विकास भवन में कचड़े के डब्बे से बरामद होने के बाद मची सनसनी
- by Manjesh Kumar
- 11-May-2026
- Views
पटना: बिहार में करीब 10 वर्षों से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है जहां शराब का कारोबार और सेवन दोनों ही कानूनी जुर्म है। बावजूद इसके अवैध तरीके से शराब कारोबार बदस्तूर फल फूल रहा है। शराबबंदी कानून लागू करवाने की जिम्मेदारी सरकार के सभी विभागों के ऊपर है फिर भी राजधानी पटना से एक तस्वीर सामने आई है जो न सिर्फ शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाती है बल्कि आलाधिकारियों पर सवाल भी खड़े करती है। दरअसल राजधानी पटना में स्थित विकास भवन जिसे सचिवालय के नाम से भी जाना जाता है जहां मंत्री और आलाधिकारी बैठ कर राज्य में सरकार का संचालन करते हैं, वहां शराब की खाली बोतल बरामद की गई है। विकास भवन के परिसर में शराब की बोतल बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है।
राजधानी में स्थित विकास भवन में परिसर में रखे एक कचड़े के डब्बे में शराब का खाली बोतल बरामद हुआ है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि यह किसने फेंकी है लेकिन मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इसके साथ ही कई अन्य अधिकारी भी मामले की जानकारी मिलने के बाद दौड़े दौड़े पहुंचे और जांच की कवायद में जुट गए। विकास भवन परिसर में शराब की बोतल बरामद होने के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और शराब की बोतल फेंकने वाले की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की महिलाओं की मांग पर बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में शराबबंदी की घोषणा की थी। इस कानून की अवहेलना करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भी प्रावधान है। इतना ही नहीं शराबबंदी को लेकर सभी सरकारी कर्मियों से शपथपत्र भी भरवाया जाता है कि वह शराब का न तो सेवन करेंगे और न ही कभी शराब के कारोबार को बढ़ावा देंगे लेकिन प्रशासन की नाक के नीचे पूरे बिहार में शराब का अवैध कारोबार चल रहा है।


Post a comment