बिहार के 6 IPS अधिकारी जायेंगे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर, आईजी रैंक पर किया गया है चयन
- by Manjesh Kumar
- 26-May-2026
- Views
पटना: केंद्र सरकार ने एक बार फिर बिहार कैडर के 6 वरिष्ठ IPS अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए चुना है। ये सभी अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में आईजी या अन्य समकक्ष पदों के लिए चुने गए हैं। इस संबंध में भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने देश के विभिन्न राज्यों के 68 IPS अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए चुना है।
इन अधिकारियों में बिहार के भी 6 अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों ने बिहार में रहते हुए कई अहम जिम्मेदारी निभाई है। कानून व्यवस्था संभालने और प्रशासनिक कामकाज में इनके प्रदर्शन को देखते हुए अब केंद्र सरकार ने इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए जिन बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारियों का चयन हुआ है, उनमें उपेंद्र कुमार शर्मा, सत्यवीर सिंह, विकास वर्मन, नताशा गुड़िया, किम और मनोजय कुमार का नाम शामिल है। उपेंद्र कुमार शर्मा बिहार के कई जिलों में पुलिस कप्तान रह चुके हैं। वहीं सत्यवीर सिंह अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। विकास वर्मन ने फील्ड और प्रशासन दोनों स्तर पर काम किया है। महिला आईपीएस अधिकारियों में नताशा गुड़िया और किम को भी इस सूची में जगह मिली है। मनोजय कुमार भी अपनी कार्यकुशलता और बेहतर सेवा रिकॉर्ड के लिए पहचाने जाते हैं।
इन अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए चुने जाने के बाद बिहार पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी अफसरों को बधाई दी है। अब माना जा रहा है कि जल्द ही इन अधिकारियों की तैनाती CRPF, BSF, CBI, NIA, IB या केंद्र सरकार के अन्य सुरक्षा और प्रशासनिक विभागों में IG स्तर के पदों पर हो सकती है।


Post a comment