बिहार में बड़े निवेश की तैयारी कर रहे हैं गौतम अदानी, सारण के मस्तीचक में आई केयर सेंटर का किया शुभारंभ

सारण: अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी रविवार को बिहार दौरे पर पहुंचे जहां वे पटना एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सारण के मस्तीचक पहुंचे। यहां उन्होंने अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में Adani Group के आई केयर प्रोजेक्ट की औपचारिक शुरुआत की। यह प्रोजेक्ट अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और अदाणी फाउंडेशन की संयुक्त पहल है। इसके तहत Adani Center for Eye Diseases और Adani Training Center for Ophthalmic Sciences की स्थापना और संचालन किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सस्ती और बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस परियोजना को लेकर न सिर्फ सारण, बल्कि आसपास के जिलों में भी उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि केंद्र के शुरू होने के बाद लोगों को बेहतर और मॉर्डन नेत्र चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। अडाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ प्रीति अडाणी, अडाणी इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान गौतम अडाणी ने कहा कि वो बिहार में 50 से 60 हजार करोड़ का निवेश करेंगे।

गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि उन्हें मस्तीचक और गायत्री मंदिर में आकर गहरी शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कंपनी बिहार में शिक्षा क्षेत्र में भी काम करने की योजना बना रही है, जिसमें स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट शामिल होंगे।

सनी कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment