मोकामा के बाहुबली विधायक को कोर्ट ने दी बड़ी राहत, इस मामले में गिरफ्तारी पर लगाई रोक
- by Manjesh Kumar
- 25-May-2026
- Views
गोपालगंज: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज एमपी एमएलए कोर्ट ने एक बार फिर बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। मामले में अगली सुनवाई 30 मई को होगी। हालांकि मामले में अनंत सिंह पर आरोप तय किए जाएंगे या वह बरी किए जाएंगे इसे लेकर कुछ भी साफ नहीं है लेकिन फिलहाल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की तरफ से कोर्ट में पक्ष रखने वाले अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन पाठक ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पूरी तरह संदिग्ध और एडिटेड प्रतीत हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो को कृत्रिम तकनीक यानी एआई के माध्यम से तैयार किया गया हो सकता है। साथ ही यह भी कहा गया कि वायरल वीडियो में अनंत सिंह के हाथ में किसी प्रकार का हथियार स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है।
बता दें कि बीते 2 मई को गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमराव गांव में एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसमें कथित रूप से हथियार लहराने और अश्लील गानों पर प्रदर्शन किए जाने का दावा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मीरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस मामले को लेकर गोपालगंज पुलिस की कार्रवाई के बाद विधायक अनंत सिंह की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई। सोमवार को इस मामले पर सुनवाई हुई, जहां विधायक पक्ष की ओर से अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन पाठक ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा।


Post a comment