इंडियन बैंक के नौ बकायेदारों पर गिरफ्तारी वारंट, 135 पर जल्द होगा केस
- by Manjesh Kumar
- 13-Oct-2026
- Views
कटिहार: इंडियन बैंक की भंडारतल शाखा के ऋण बकायेदारों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिला नीलाम पत्र प्रशाखा, कटिहार की ओर से नौ बकायेदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। इन मामलों में कुल 38 लाख 88 हजार 612 रुपये की राशि बकाया है। वारंट के क्रियान्वयन के लिए बरारी पुलिस को निर्देश दिया गया है। जारी वारंट के अनुसार, जागेश्वर सिंह पर 2,54,650 रुपये, नारायण शर्मा पर 3,27,042 रुपये, उमेश कुमार सिंह पर 5,62,849 रुपये, दिनकर मिश्रा पर 5,16,488 रुपये, अब्दुल रहमान पर 4,03,772 रुपये, बाबूलाल चौधरी पर 7,15,944 रुपये, सुरेंद्र पंडित पर 3,23,432 रुपये, बनारसी सिंह पर 3,35,534 रुपये और नरेश मंडल पर 4,48,901 रुपये बकाया हैं।
135 खाताधारकों पर दर्ज होगा केस
शाखा प्रबंधक धनंजय कुमार ने बताया कि अगले 10 से 15 दिनों में 135 खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) खाताधारकों से अपील की कि वे वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के तहत अपने बकाया ऋण का निपटारा कर खाता बंद कराएं। शाखा प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि बकाया ऋण का समाधान नहीं करने वाले खाताधारकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैंक की इस पहल का उद्देश्य लंबित ऋण की वसूली करना है।


Post a comment