गया जी में कांति देवी हत्याकांड पर जीतन राम मांझी सख्त, कहा `देश-विदेश में कहीं भी हो, आरोपी को खोजकर पकड़ेंगे`
- by Manjesh Kumar
- 12-Oct-2026
- Views
गया जी: खिजरसराय थाना क्षेत्र के बाना मांझी टोला स्थित भूईं टोली में दलित महिला कांति देवी की ईंट से पीटकर हत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस पहल का आश्वासन दिया। मांझी ने कहा कि आरोपी देश या विदेश में कहीं भी हो, उसे खोजकर गिरफ्तार कराया जाएगा। मुलाकात के दौरान परिजनों ने लगातार डराए-धमकाए जाने की शिकायत की। इस पर केंद्रीय मंत्री ने प्रशासन से मामले में गंभीरता बरतने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही।
वहीं, स्थानीय लोगों ने गांव में शौचालय की सुविधा नहीं होने से हो रही परेशानियों को भी उनके सामने रखा। इस पर मांझी ने मौके से ही जिलाधिकारी से फोन पर बात की और तीन महीने के भीतर गांव में शौचालय तथा नल-जल योजना की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने और समाज कल्याण विभाग के माध्यम से नौकरी संबंधी सहायता की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। इसके अलावा, भूईं टोली के लोगों के पास जमीन के कागजात नहीं होने की समस्या उठाते हुए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की पहल करने को कहा।
मांझी ने कहा कि वह जिलाधिकारी और कमिश्नर से लगातार संपर्क में रहकर पूरे मामले की निगरानी करेंगे। घटना के बाद स्थानीय मांझी समाज के लोगों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।


Post a comment