आजमनगर में शारदीय नवरात्रि की धूम, मां ब्रह्मचारिणी की आराधना में उमड़े महिला श्रद्धालु
- by Manjesh Kumar
- 12-Oct-2026
- Views
कुमारी कन्याओं ने दीप जलाकर माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर में शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना धूमधाम से की गई। इस अवसर पर आजमनगर के बड़ी दुर्गा स्थान एवं छोटी दुर्गा स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी के स्वरूप का अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। शाम के समय मंदिरों में विशेष संध्या आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों कुमारी कन्याओं ने दीप जलाकर माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट की। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु हाथों में दीप और चुनरी लेकर माता के दरबार में पहुंचे तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भक्तों और साधकों ने व्रत, अनुष्ठान और पूजा-पाठ कर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं के चेहरे पर माता के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर गश्त की। शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से निगरानी रखी गई। नवरात्रि को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।


Post a comment