मवेशी तस्करी के विरुद्ध पूर्णिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 30 गाय भैंस बरामद, तस्कर गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 28-Oct-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के एसएसपी के रूप में डॉ शौर्य सुमन ने जब से जिम्मेदारी संभाली है अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एक तरफ अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है तो दूसरी तरफ तस्करी करने वाले लोगों पर भी लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्णिया पुलिस ने एक ट्रक में क्रूरतापूर्वक ले जा रहे 30 मवेशियों को बरामद किया है साथ ही तीन तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पूर्णिया के जलालगढ़ थाना क्षेत्र में की।
पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार एक ट्रक से मवेशी की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक टीम गठित कर वाहन जांच अभियान शुरू की गई और इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक को रोका गया। ट्रक की जांच के दौरान उसमें क्रूरतापूर्वक बंधे 30 मवेशी पाए गए जिसमें कई चोटिल भी थे। वहीं इस दौरान ट्रक का चालक और तस्कर भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान सुपौल के किशनपुर थाना क्षेत्र निवासी रमेश यादव, खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र निवासी मो कुद्दूस कटिहार के पोटिया थाना क्षेत्र निवासी मो मुहर्रम के रुल में की गई। और जब ट्रक चालक एवं अन्य सवार व्यक्तियों से पशुओं के संबंध में कागजात की मांग की गई, तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद कुल 30 पशुओं (गाय एवं भैंस) को विधिवत जब्त कर पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment