शौचालय निर्माण के लिए महादलित परिवारों को मिलेगी आर्थिक मदद, जीविका से 10 हजार का ब्याज मुक्त ऋण

कटिहार: महादलित परिवारों को स्वच्छता से जोड़ने और हर घर में शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बरारी प्रखंड प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को प्रखंड सभागार में बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने तथा शौचालय निर्माण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि शौचालय निर्माण कराने के इच्छुक पात्र महादलित परिवारों को जीविका के माध्यम से 10 हजार रुपये का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, शौचालय निर्माण पूरा होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र लाभार्थियों को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है।

बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने स्वच्छता पर्यवेक्षकों और संबंधित कर्मियों को पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों से संपर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को शौचालय निर्माण के प्रति जागरूक करते हुए योजना की जानकारी दें, ताकि जरूरतमंद परिवार सरकारी सहायता का लाभ उठा सकें। बैठक में घर में शौचालय की उपलब्धता से स्वास्थ्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता और सामाजिक सम्मान को होने वाले लाभों के बारे में भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने की आवश्यकता बताई।

इस मौके पर प्रखंड समन्वयक नीरज कुमार, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक मो तोसीफ, स्वच्छता पर्यवेक्षक अशोक कुमार साह, संतोष कुमार, अजित, सिकंदर कुमार, राजेश चौहान, तारीक, विकास कुमार, फेकन पासवान, दिलचंद ऋषि, पूनम कुमारी और चिंता कुमारी सहित विभिन्न पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment