चपय मामले में प्रशासन ने संभाली कमान, दोनों पक्षों पर धारा 126, आशीष गोस्वामी ने जताया आभार
- by Manjesh Kumar
- 26-Sep-2026
- Views
पूर्णिया: चपय गांव में अंतर्जातीय विवाह को लेकर सामने आए विवाद के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने दोनों पक्षों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत कार्रवाई की है। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने प्रशासन की कार्रवाई का सम्मान करते हुए कहा कि किसी भी मामले से समाज में तनाव उत्पन्न होने की आशंका हो, तो समय रहते प्रशासन का ध्यान उस विषय की ओर आकृष्ट कराना आवश्यक है, ताकि स्थिति बिगड़ने से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई थी। उन्होंने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की थी तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता पाया जाए, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की थी।
गोस्वामी ने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा प्रशासन एवं सरकार के साथ बेहतर संवाद और समन्वय बनाकर सामाजिक हित में कार्य करना रहा है। किसी भी सामाजिक विवाद का समाधान कानून के दायरे में और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदम पर पूर्णिया जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का वे पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी मामले में पोस्ट साझा करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। बिना सत्यता जाने की गई एक पोस्ट से समाज में गलतफहमी और तनाव उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का सम्मान, कानून का पालन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। समाज को जाति से नहीं, बल्कि भाईचारे और आपसी सम्मान से जोड़ना हमारा संकल्प है।


Post a comment