छेड़छाड़ हो या धमकी... चुप नहीं रहें छात्राएं..., महिला पुलिसकर्मियों ने दिए सुरक्षा के गुर, थानाध्यक्ष ने भी...

कटिहार:  महिला और बाल अपराध के खिलाफ पुलिस ने अब कार्रवाई के साथ जागरूकता को भी हथियार बनाना शुरू किया है। शनिवार को गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को साफ संदेश दिया गया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, धमकी, पीछा करने या असुरक्षा की स्थिति को नजरअंदाज न करें और न ही चुप रहें। समय रहते अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को सूचना देकर संभावित घटना को रोका जा सकता है। एसपी परिचय कुमार की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में एसआई शिवम कुमार चौधरी और महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से संवाद किया। महिला सिपाहियों ने छात्राओं को अनजान लोगों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और परेशानी की स्थिति में तत्काल मदद लेने के तरीके बताए।

पुलिस ने छात्राओं को बताया कि आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता ली जा सकती है। इसके अलावा बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने छात्राओं के बीच अपना आधिकारिक मोबाइल नंबर 9031827915 भी साझा किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर छात्राएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। समय पर मिली सूचना किसी बड़ी घटना को टालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है। जागरूकता और समय पर सूचना के जरिए अपराध को रोकना भी पुलिस की प्राथमिकता है।

महिला सिपाही सविता किस्कु, सोनी कुमारी, सुमन कुमारी और दीपतारा कुमारी ने छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मो हासिम अली सिद्दिकी सहित विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में डर नहीं, सुरक्षा के प्रति भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ाना है।

  

Related Articles

Post a comment