भागलपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

भागलपुर: भागलपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों की ओर से पूर्व विधायक अजीत शर्मा के नेतृत्व में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए समाहरणालय चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। प्रतिरोध मार्च की शुरुआत अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय से हुई। समाहरणालय चौक पर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित धांधली और पक्षपात का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शर्मा ने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में हुए विधानसभा चुनावों को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। साथ ही आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में लोगों का भरोसा कायम रहे। गौरतलब है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस देश के अलग-अलग हिस्सों में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment